फरीदाबाद, (news24x365) विश्व हृदय दिवस के अवसर पर बत्रा हार्ट एंड मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने अपने तीन वर्ष पूरे होने पर स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में अस्पताल की ओर से हृदय रोगों के उपचार, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्धदाता आश्रम के गुरुदेव परम पूजनीय श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के आशीर्वाद एवं कर-कमलों से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं डायरेक्टर डॉ. पंकज बत्रा द्वारा लिखित पुस्तक “Survivors of Massive Heart Attack Patients” का विमोचन भी किया गया।

हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट से उबर चुके मरीजों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में मेजर हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के उपचार के बाद स्वस्थ जीवन जी रहे करीब 60 मरीजों ने हिस्सा लिया। मरीजों ने अस्पताल और डॉ. पंकज बत्रा की चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए उपचार के बाद अपने स्वास्थ्य लाभ और वर्तमान जीवन के अनुभव साझा किए।

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर डॉ. पंकज बत्रा द्वारा लिखित पुस्तक उपस्थित लोगों और मरीजों को निःशुल्क वितरित की गई। पुस्तक में मेजर हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट से उबरने वाले मरीजों के लिए उपचार के बाद की देखभाल, दवाइयों के नियमित सेवन और जीवनशैली में जरूरी बदलावों से संबंधित जानकारी दी गई है।

शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीज रहें सतर्क

अपने संबोधन में डॉ. पंकज बत्रा ने मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेते रहना चाहिए।

उन्होंने हृदय रोगियों को डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाइयां समय पर लेने, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार व्यायाम करने, नियमित योग, मेडिटेशन या हल्की सैर करने तथा मानसिक तनाव से बचने की सलाह दी। साथ ही धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखने तथा खान-पान में संतुलन रखने पर जोर दिया।

डॉ. बत्रा ने लोगों से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखने तथा नियमित फॉलो-अप के लिए चिकित्सक से संपर्क में रहने की अपील की।

कवि सम्मेलन ने बांधा समां

स्थापना दिवस समारोह में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय कवि सरदार मंजीत सिंह, ओज कवि पुनीत पांचाल, गीतकार अनिल बेताव और श्रृंगार रस की कवयित्री कोमल वाणी ने अपनी रचनाओं से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। कवियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आनंदित और मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर अस्पताल के चेयरमैन श्री रमेश बत्रा, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं डायरेक्टर डॉ. पंकज बत्रा तथा डॉ. कुलभूषण भारतीय ने सभी उपस्थित लोगों को विश्व हृदय दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *