फरीदाबाद, (news24x365) मिशन जागृति की ओर से आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशाल चित्रकला प्रतियोगिता को लेकर बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता के उद्देश्य और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर विचार रखे।
मिशन जागृति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक गौतम ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कल्पना, भावनाओं और विचारों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें। उन्होंने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यालयों से बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
संस्था के संरक्षक कविंदर चौधरी ने कहा कि मिशन जागृति बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन बच्चों को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें आगे बढ़ने का उत्साह भी पैदा करते हैं।
सोहम चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रतिनिधि प्रतिमा गर्ग ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि चित्रकला बच्चों को अपने विचारों और भावनाओं को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का माध्यम देती है।
रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद के तेजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ कला और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ऐसे आयोजनों को अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
IAXN के सुनील डांगी ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही अपनी रुचियों और क्षमताओं को पहचानने के अवसर मिलने चाहिए। चित्रकला जैसी गतिविधियां बच्चों में एकाग्रता और कल्पनाशक्ति विकसित करने में मदद करती हैं।
वहीं, कलाकार लता सिंगला ने कहा कि कला में हर बच्चे की अपनी अलग पहचान होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को स्वतंत्र रूप से चित्र बनाने देने और उनके प्रयासों की सराहना करने की अपील की।
सरदार गुरमीत सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के साथ-साथ समाज को भी जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब सामाजिक संस्थाएं, विद्यालय और अभिभावक मिलकर बच्चों का उत्साह बढ़ाते हैं, तो उनमें आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित होती है।
मिशन जागृति के फरीदाबाद जिला अध्यक्ष दिनेश राघव ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संस्था के साथी और सहयोगी संगठन मिलकर तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने विद्यालयों, अभिभावकों और समाजसेवियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भागीदारी और सहयोग की अपील की।
प्रेस वार्ता के अंत में दिनेश राघव ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, पत्रकारों और संगठन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बनेगा।
इस अवसर पर अशोक भाटेजा, सीएलएस प्रॉपर्टीज के राजेंद्र नागर, भावना चौधरी, सरदार गुरमीत सिंह और रविंद्र मलिक सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
