फरीदाबाद, (news24x365) फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पीटल, फरीदाबाद के डॉक्टरों ने समय रहते उपचार कर 68 वर्षीय महिला की जान बचा ली। मरीज क्रिटिकल ट्रिपल वैसल कोरोनरी आर्टरी डिज़ीज़ (TVD) से पीड़ित थीं, जिसमें हृदय को रक्त पहुंचाने वाली तीनों प्रमुख धमनियां गंभीर रूप से अवरुद्ध हो जाती हैं।

डॉ. संजय कुमार, सीनियर डायरेक्टर, कार्डियोलॉजी के नेतृत्व में कार्डियाक टीम ने जटिल मल्टी-वैसल एंजियोप्लास्टी कर मात्र 17 मिनट (9.6 मिनट कैथ लैब फ्लूरो टाइम) में तीनों धमनियों में रक्त प्रवाह बहाल कर दिया। आमतौर पर ऐसी प्रक्रिया में लगभग दो घंटे का समय लगता है। मरीज को लगातार सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत थी। जांच में पता चला कि तीनों प्रमुख हृदय धमनियां गंभीर रूप से ब्लॉक थीं, जिससे हार्ट अटैक, हार्ट फेल और अचानक कार्डियक मृत्यु का खतरा बढ़ गया था। 100 किलोग्राम से अधिक वजन होने के कारण उपचार और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। शुरुआत में मरीज और परिजन एडवांस एंजियोप्लास्टी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन कैथ लैब रिकवरी के दौरान मरीज में अचानक एक्यूट हार्ट फेल के लक्षण दिखाई देने लगे, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया। कार्डियोलॉजी टीम ने दो अवरुद्ध धमनियों में स्टेंट लगाए, जबकि तीसरी धमनी को विशेष दवायुक्त बैलून एंजियोप्लास्टी से खोला। सफल प्रक्रिया के बाद तीनों धमनियों में रक्त प्रवाह सामान्य हो गया। मरीज की स्थिति स्थिर होने पर उन्हें 24 घंटे बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मरीज की स्थिति बेहद नाजुक थी और उपचार में हर सेकंड महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया जाता, तो मरीज को गंभीर हार्ट अटैक, हार्ट फेल या वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ सकती थी। यह मामला जटिल हृदय रोगों में त्वरित निर्णय और एडवांस इंटरवेंशनल कार्डियक केयर के महत्व को दर्शाता है। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पीटल, फरीदाबाद के फेसिलिटी डायरेक्टर डॉ. अभिषेक शर्मा ने कहा कि यह सफलता अस्पताल की अत्याधुनिक कार्डियक सुविधाओं और विशेषज्ञ टीम की दक्षता का प्रमाण है। मात्र 17 मिनट में जटिल प्रक्रिया पूरी करना मरीज को जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने की अस्पताल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *