शेखर दास की रिपोर्ट
फरीदाबाद के एसजीएम नगर स्थित पटेल चौक के पास हनुमान मंदिर के आसपास ट्रैफिक जाम और धीमी रफ्तार के कारण लोगों को रोजाना कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर शाम के समय ट्रैफिक की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि मात्र पांच मिनट का रास्ता पार करने में लोगों को 30 से 40 मिनट तक लग जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अब रोज की बात बन चुकी है।
खासकर मंगलवार के दिन तो इस सड़क को पार करना मानो लोहे के चने चबाने जैसा हो जाता है। पांच मिनट का रास्ता घंटों में तब्दील हो जाता है। ऐसे में बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल सवारी कर स्टंटबाजी करने वाले लोग इस समस्या को और ज्यादा जटिल बना देते हैं।
दरअसल, मंगलवार को मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण श्रद्धालु अपने वाहन जहां-तहां खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।
यह रास्ता एनआईटी को एसजीएम नगर से जोड़ने के साथ-साथ हाईवे की ओर जाने वाले बड़खल पुल और फरीदाबाद रेलवे स्टेशन तक भी जाता है। यह शहर का एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है।
मंदिर से कुछ ही दूरी पर एसजीएम नगर थाना और एनआईटी थाना भी स्थित हैं। कई बार देखा गया है कि इस भारी ट्रैफिक जाम में पुलिस की गाड़ियां तक फंस जाती हैं, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। वहीं, पास में ही पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री Seema Trikha का कार्यालय और निवास भी मौजूद है।
ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार लगने वाला ट्रैफिक जाम किसी अप्रिय घटना को न्योता देने जैसा है। कभी-कभार यहां ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए एक होमगार्ड तैनात किया जाता है, लेकिन वह व्यवस्था नाकाफी साबित होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस को इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
