ओडिशा (news24x365)ओडिशा के दियानाली गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भाई बैंक से पैसे निकालने के लिए अपनी मृत बहन का कंकाल कब्र से निकालकर बैंक पहुंच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, दियानाली गांव निवासी जीतू मुंडा की बहन काकरा मुंडा का दो महीने पहले निधन हो गया था। काकरा का खाता ओडिशा ग्रामीण बैंक की मल्लीपासी शाखा में था, जिसमें 19,300 रुपये जमा थे। काकरा के पति और इकलौते बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी, ऐसे में जीतू ही उसका एकमात्र वारिस था।
जीतू अपनी बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए बैंक पहुंचा था। उसे उम्मीद थी कि इन पैसों से उसे आर्थिक मदद मिलेगी, लेकिन बैंक प्रबंधन ने नियमों का हवाला देते हुए भुगतान से इनकार कर दिया। बैंक का कहना था कि या तो खाताधारक स्वयं उपस्थित हो या फिर जीतू कानूनी वारिस होने के दस्तावेज प्रस्तुत करे।
बताया जा रहा है कि जीतू पढ़ा-लिखा नहीं था और उसके पास न तो बहन का मृत्यु प्रमाण पत्र था और न ही उत्तराधिकार से जुड़े कोई दस्तावेज। बैंक के नियम उसकी समझ से परे थे। वह बार-बार बैंक में गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
हताश होकर जीतू गांव के कब्रिस्तान पहुंचा और अपनी बहन की कब्र खोदकर उसका कंकाल बाहर निकाल लिया। उसने कंकाल को कपड़े में लपेटा, कंधे पर रखा और पैदल ही बैंक पहुंच गया।
जैसे ही जीतू कंकाल लेकर बैंक के अंदर दाखिल हुआ, वहां मौजूद लोग हक्का-बक्का रह गए। देखते ही देखते बैंक परिसर के अंदर और बाहर हंगामा मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने जीतू को समझाकर शांत कराया और उसे भरोसा दिलाया कि उसके साथ न्याय किया जाएगा।
*****इस खबर का वीडियो देखने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें।******
https://youtube.com/shorts/SvE3K-wdBHU
