शेखर दास की रिपोर्ट
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। रेखा गुप्ता अब दिल्ली के नई मुख्यमंत्री होंगी। कल दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामलीला मैदान में वह मंत्रियों के साथ शपथ लेंगी।
आज बीजेपी विधायक दल की एक बैठक में फैसला लिया गया की रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेंगी और प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम बनेंगे। रेखा गुप्ता 50 साल की हैं और उनका जन्म स्थान हरियाणा के जींद जिले का नंदगढ़ गांव है। यहां 1974 में उनका जन्म हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक, रेखा गुप्ता का परिवार साल 1976 में दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। उनके पति का नाम मनीष गुप्ता है। रेखा गुप्ता ने LLB किया है और वह पेशे से वकील भी हैं।
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29595 वोटों से चुनाव हराया था।
सीएम पद के ऐलान होने के बाद रेखा गुप्ता का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। पार्टी के समर्थन और आशीर्वाद के लिए उनका आभार व्यक्त करती हूं।