फरीदाबाद (news24x365)फरीदाबाद स्थित बीके अस्पताल के बाल चिकित्सा परिसर में इन दिनों भीषण गर्मी के चलते मरीजों और उनके परिजनों का बुरा हाल है। खासतौर पर आईसीएचएच (ICHH) और शिशु रोग वार्ड में भर्ती छोटे बच्चों और उनके साथ रह रहे परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि वार्ड में एयर कंडीशनर लगे तो हैं, लेकिन वे काम नहीं कर रहे। वहीं पंखे भी ठंडी हवा देने के बजाय गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे हालात और ज्यादा खराब हो रहे हैं।
आईसीएचएच और शिशु रोग वार्ड में छोटे बच्चों को रखा जाता है। बच्चों की देखभाल के लिए एक परिजन को उनके साथ ही रहना पड़ता है। ऐसे में भीषण गर्मी और उमस का असर बच्चों के साथ-साथ उनके परिजनों पर भी साफ देखा जा रहा है।
इन दिनों फरीदाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। ऐसे में बिना AC के वार्ड में रहना मरीजों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। उमस और गर्मी के कारण हालात और ज्यादा गंभीर बनते जा रहे हैं।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार, AC खराब होने की जानकारी कई बार उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है। उनका कहना है कि उम्मीद है जल्द ही इन्हें ठीक करवा दिया जाएगा, जिससे मरीजों को राहत मिल सके।
