दुबई:(news24x365)मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े युद्ध के खतरे का असर अब दुबई में भी दिखाई देने लगा है। हालात से डरकर बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक (एक्सपैट) देश छोड़कर जा रहे हैं। इस जल्दबाजी में कई लोग अपने पालतू जानवरों को साथ नहीं ले जा पा रहे, जिसके कारण हजारों कुत्ते और बिल्लियां लावारिस हालत में सड़कों पर छोड़ दी गई हैं।
स्थानीय पशु कल्याण संगठनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में पालतू जानवरों के छोड़े जाने के मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। कई जगह कुत्तों को खंभों से बांधकर या बिल्लियों को डिब्बों में बंद करके छोड़ने की घटनाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार दुबई के पशु आश्रय (एनिमल शेल्टर) अब लगभग भर चुके हैं और स्वयंसेवी संगठन इन जानवरों को बचाने और उन्हें नया घर दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। पशु चिकित्सकों का कहना है कि कुछ लोग अपने पालतू जानवरों को दूसरे देश ले जाने की लंबी प्रक्रिया, ज्यादा खर्च और दस्तावेजी झंझट के कारण उन्हें छोड़कर जा रहे हैं।
दुबई प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पालतू जानवरों को इस तरह लावारिस न छोड़ें। संयुक्त अरब अमीरात में पालतू जानवरों को छोड़ना कानूनन अपराध है और ऐसा करने पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
पशु अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि युद्ध का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इन बेबस जानवरों पर भी पड़ रहा है जो अचानक अपने मालिकों से बिछड़कर सड़कों पर भटकने को मजबूर हो गए हैं।
