शेखर दास की रिपोर्ट
फरीदाबाद, (news24x365) जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में देश के प्रथम गृहमंत्री एवं उप प्रधानमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनके योगदान को राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता और देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
बलजीत कौशिक ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को ‘लौह पुरुष’ यूं ही नहीं कहा जाता, बल्कि उनके कठोर और दूरदर्शी निर्णयों ने देश को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने आगे कहा कि आज भारत जिस प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर है, उसमें सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सद्भावना को उन्होंने सदैव सर्वोपरि रखा। पूरा देश आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन कर रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के अध्यक्ष विनोद कौशिक, मनोज अग्रवाल, डॉ. सौरभ शर्मा, राजेंद्र चपराना, अशोक रावल, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, वेदप्रकाश यादव, नरेश शर्मा, विकास फागना, नरेंद्र चौहान, जवाहर ठाकुर, प्रेम यादव, रमेश सरपंच, राहुल नागर, कैलाश सोलंकी, राजा सैनी, नानक चंद, चिरंजीलाल भारद्वाज, चंद्रभान यादव, बिट्टू धनखड़, रवि कुमार, मुकेश, अनमोल, राममेहर गोयल, कपिल गोयल, जतिन कौशिक और दीपक कौशिक सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
