दिल्ली।(news24x365) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आलीगांव इलाके में एक प्लॉट विवाद के चलते एक बुजुर्ग व्यक्ति की सड़क पर बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि एक युवक अपने दोस्तों के साथ मिलकर बुजुर्ग को लोहे की रॉड और डंडों से पीट रहा है। सड़क पर मौजूद लोग तमाशबीन बने नज़र आते हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति का नाम रघुराज सिंह है। 24 अक्टूबर को जब वे अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे, तभी आरोपी मोहित और उसके साथी आए, जिन्होंने पहले उनकी कार का शीशा तोड़ा और फिर उन्हें बाहर निकालकर बेरहमी से पिटाई की।
मारपीट में रघुराज सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों पैरों में फ्रैक्चर आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहित ने दो साल पहले आलीगांव में एक प्लॉट खरीदा था, जिसमें उसने निर्माण कराया था। लेकिन कुछ समय बाद डीडीए ने उस निर्माण को अवैध बताते हुए तोड़ दिया।
मोहित को शक था कि रघुराज सिंह ने ही डीडीए में उसकी शिकायत की थी। इसी बात को लेकर उसने हमला कर दिया।
फिलहाल, सरिता विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी मोहित व उसके साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
