मथुरा (news24x365) मथुरा के पास स्थित फालेन गांव में होलिका दहन के मौके पर एक बार फिर सदियों पुरानी अनोखी परंपरा निभाई गई। यहां एक युवक ने भक्त प्रह्लाद का रूप धारण कर जलती हुई होलिका की तेज लपटों के बीच से गुजरकर लोगों को आस्था और साहस का अद्भुत दृश्य दिखाया।
यहां की परंपरा के अनुसार गांव में हर साल होली की पूर्व संध्या पर विशाल होलिका दहन किया जाता है। मान्यता है कि यह आयोजन बुराई पर अच्छाई की जीत और भक्त प्रह्लाद की भक्ति का प्रतीक है।इसी परंपरा के तहत इस बार संजू पांडा ने प्रह्लाद का स्वरूप धारण किया और मंत्रोच्चार व पूजा-अर्चना के बाद नंगे पांव धधकती आग के बीच से होकर निकले।
जब प्रह्लाद का स्वरूप धारण करे संजू पांडा तेज आग की लपटों के बीच से गुजरा तो यह दृश्य देख रहे लोग यह सांसें थाम ली, चारों ओर उठती ऊंची लपटें, गर्मी की तीव्रता और हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच युवक का सुरक्षित बाहर आना लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं होता। मौके पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आस्था या साहस?
ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि श्रद्धा और विश्वास की परीक्षा है। उनका मानना है कि सच्ची भक्ति के आगे अग्नि भी नुकसान नहीं पहुंचाती। यही वजह है कि इस आयोजन को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सुरक्षा के इंतजाम
हर साल की तरह इस बार भी प्रशासन और गांव समिति की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।
