हिमाचल प्रदेश (News24x365) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से इंसानियत और वफादारी को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। यहां एक कुत्ते ने न सिर्फ लोगों की आंखें नम कर दीं, बल्कि वफादारी की ऐसी मिसाल पेश की जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
मिली जानकारी के मुताबिक चंबा जिले में दो युवक कुछ दिनों पहले लापता हो गए थे। बाद में पता चला कि भीषण ठंड और भारी बर्फबारी के कारण दोनों युवक बर्फ में फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। चार दिन बाद जब बचाव दल और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो उठा।
जहां कड़ाके की ठंड में इंसान का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है, वहीं एक वफादार कुत्ता भारी बर्फबारी के बीच चार दिनों तक अपने मृत मालिक के शव के पास खड़ा रहा और उसे अकेला नहीं छोड़ा। न भूख की परवाह, न ठंड की—बस अपने मालिक के साथ डटा रहा।
इस दृश्य को देखकर बचाव दल के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। लोग कुत्ते की इस बेपनाह वफादारी को देखकर हैरान हैं और इसे सच्चे प्रेम व निष्ठा की मिसाल बता रहे हैं।
चंबा की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जानवरों की वफादारी कई बार इंसानों को भी पीछे छोड़ देती है।
