फतेहाबाद, (news24x365) राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को नशे, मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
रविवार को एमएम कॉलेज, फतेहाबाद में आयोजित सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव के फाइनल मुकाबलों एवं समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री बराला ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का मजबूत आधार हैं। खेलों से जुड़ा युवा स्वतः ही सामाजिक बुराइयों से दूर रहता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना और हरियाणा सरकार की खेल नीति देश के लिए आदर्श बन चुकी है। पारदर्शी चयन प्रणाली, आधुनिक खेल ढांचा, छात्रवृत्तियां, सरकारी नौकरियों में आरक्षण और नकद पुरस्कारों ने युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित किया है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो सरकार की खेल नीति की सफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
समारोह के दौरान बराला ने विभिन्न खेलों के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा आयोजकों, कोचों, निर्णायकों और स्वयंसेवकों की सराहना की।
इस अवसर पर हरकोफेड चेयरमैन वेद फुला, एमएम कॉलेज प्राचार्य गुरचरण सिंह, एसई ओपी बिश्नोई, डीएसओ विष्णुदास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
