फरीदाबाद (news24x365) पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर नकेल कस रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने “अपना भोजनालय” पर हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में महज़ 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 21 अक्टूबर को धीरज भाटिया निवासी फरीदाबाद की शिकायत पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका एनआईटी बस स्टैंड के पास “अपना भोजनालय” नाम से ढाबा है। 20/21 अक्टूबर की रात करीब तीन बजे मनीष नामक युवक अपने साथियों के साथ ढाबे पर आया और कहासुनी के बाद मारपीट व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष (34), आनंद उर्फ़ सन्नी (31) और गुंजेश (19), तीनों निवासी जीवन नगर पार्ट-2, गोच्छी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि 20 अक्टूबर को मनीष अपने साथियों आनंद उर्फ़ सन्नी व एक अन्य युवक के साथ एक्सयूवी गाड़ी में ढाबे पर आया था। उसने ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर गाड़ी के पास लाने को कहा, लेकिन कर्मचारी ने इनकार कर दिया। इसी बात पर कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद मनीष अपने साथियों के साथ लौट गया, लेकिन रात करीब तीन बजे दो गाड़ियों में वापस आकर ढाबे पर मारपीट व तोड़फोड़ कर दी।
पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई एक्सयूवी गाड़ी और डंडे बरामद कर लिए हैं। जांच में पता चला है कि मनीष की मेटल पार्ट्स की वर्कशॉप है, आनंद उर्फ़ सन्नी दूध का काम करता है और गुंजेश मनीष के पास किराये पर रहता है।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपित मनीष और गुंजेश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी आनंद उर्फ़ सन्नी की ज़मानत मंजूर कर ली गई है।
