फरीदाबाद (news24x365) शनिवार का दिन दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के लिए बेहद काला साबित हुआ।
इस दिन एक नहीं, बल्कि दो बड़ी घटनाएं घटीं।
पहली घटना मेले में स्थित गेट नंबर-2 के अचानक गिरने से हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बीके अस्पताल लाया गया।
अभी इस घटना की चर्चा खत्म भी नहीं हुई थी कि एक और हादसा हो गया, जिसने हंगामा खड़ा कर दिया। मेले में लगा एक झूला चलते-चलते अचानक टूट गया। झूले पर लगभग 16 लोग सवार थे। झूला टूटते ही सभी लोग ऊंचाई से झूले सहित नीचे आ गिरे।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि झूला गिरने के बाद जब लोग घायलों को बचाने पहुंचे तो वे भी झूले की चपेट में आ गए, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में लगभग 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 9 लोगों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि 4 लोगों को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मृत्यु भी हुई है, जिनका नाम जगदीश प्रसाद बताया गया है।
घटना के तुरंत बाद फरीदाबाद के डीसी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। वहीं बीके अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने फरीदाबाद के एसडीएम अमित कुमार भी पहुंचे।
बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विकास गोयल ने बताया कि अस्पताल में चार घायलों को लाया गया था। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। मृतक जगदीश प्रसाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
सूरजकुंड हादसे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।
